जगह -जगह पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
सिकंदराराऊ । विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी महाजन वैश्य समाज द्वारा रविवार को दानवीर भामाशाह की 480 वीं जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। इस मौके पर कस्बा में भव्य शोभायात्रा निकाली गई । शोभायात्रा का शुभारंभ पुरानी तहसील रोड स्थित मोहल्ला मटकोटा से पूजा अर्चना कर हुआ। शोभायात्रा में भामाशाह का डोला आकर्षण का केंद्र रहा। शोभायात्रा कस्बा के पुरानी तहसील रोड, राठी चौराहा, बड़ा बाजार, नयागंज बाजार, जी टी रोड आदि मार्गो से होती हुई गुजरी । शोभायात्रा का जगह – जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। कस्बा भ्रमण के बाद शोभायात्रा का समापन मंडी गांधीगंज पर पहुंचकर हुआ। शोभायात्रा में समाज के लोगों एवं युवाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया । शोभायात्रा में शामिल युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया । शोभायात्रा में शामिल युवा डीजे पर बज रहे भक्ति भजनों पर थिरकते हुए नजर आए। दानवीर भामाशाह के जयघोषों से कस्बा का वातावरण गुंजायमान हो गया । शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की कमान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा भारी पुलिस बल के साथ संभाले हुए थे । इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए दानवीर भामाशाह महाराज का तप त्याग और बलिदान चिर वंदनीय है।
उन्होंने कहा कि हल्दी घाटी के युद्ध में पराजित महाराणा प्रताप के लिए उन्होंने इतना धन दान दिया था कि उससे 25 हजार सैनिकों का बारह वर्ष तक निर्वाह हो सकता था। प्राप्त सहयोग से महाराणा प्रताप में नया उत्साह उत्पन्न हुआ और वह लड़ाई लड़ते रहे। भामाशाह दानवीर के साथ काबिल सलाहकार, योद्धा, शासक व प्रशासक भी थे। वह बेमिसाल दानवीर एवं त्यागी पुरुष थे। शोभायात्रा में विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, विनोद गुप्ता, ब्रज मोहन गुप्ता, सुनील गुप्ता, प्रिंस भामाशाह,जयप्रकाश गुप्ता, प्रवीण वार्ष्णेय डॉबी भाई, आशीष महाजन, जयप्रकाश गुप्ता, वैभव गुप्ता, नीरज वैश्य, अनिल महाजन, अमन महाजन, विपिन गुप्ता , रितिक गुप्ता, वरुण महाजन ,सौरभ गुप्ता, मुकुल गुप्ता, पंकज गुप्ता, नीरज वैश्य,अनुराग गुप्ता,अनिकेत गुप्ता चंचल आदि मौजूद रहे ।









