साइकिल सवार वृद्ध को मैक्स ने मारी टक्कर: मौत

सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के मथुरा मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में 70 वर्षीय साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। गांव गढ़ी खमानी के पास एक तेज रफ्तार मैक्स पिकअप ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।

बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बिसावर क्षेत्र के गांव नगला ढोकला निवासी करीब 70 वर्षीय वृद्ध दिगंबर सिंह कल साइकिल से अपने गांव से गढ़ी खमानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सादाबाद-मथुरा मार्ग पर गढ़ी खमानी के पास सामने से आ रही एक अनियंत्रित मैक्स पिकअप ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दिगंबर सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की खबर से मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन भी तुरंत मौके पर पहुंच गये। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने वृद्ध के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर फरार वाहन की तलाश कर रही है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment