
सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव दगसह में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने और उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से भारी सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मायके वालों ने महिला के पति और ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
बताते हैं कोतवाली क्षेत्र के गांव दगसह में महिला करीब 44 वर्षीय श्रीमती पिंकी उर्फ प्रमिला का मायका आगरा के गांव नगला सावला में है। मृतका की शादी वर्ष 2002 में गांव दगसह निवासी रवि से हुई थी, जो खेती-बाड़ी का काम करता है। शादी के बाद से पिंकी के कोई संतान नहीं थी। महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने की खबर से पूरे क्षेत्र में भारी सनसनी फैल गई और घटना की सूचना पाकर मृतका के मायके वाले व कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
उक्त घटना को लेकर मृतका पिंकी के भाई राजकुमार ने आरोप लगाया है कि पिंकी का पति रवि, जेठ और जेठानी उसका उत्पीड़न करते थे। राजकुमार ने उक्त लोगों पर बीती रात उसकी बहन की हत्या करने का आरोप लगाया है।आरोप है कि पिंकी ने पहले भी अपनी हत्या की आशंका को लेकर भाई को बताया था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं से घटना की जांच कर रही है।









