
हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव फरौली के निकट बीती रात्रि को एक पैदल व्यक्ति को एक अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। जिससे उक्त व्यक्ति जहां गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं उसकी दर्दनाक मौत हो जाने से परिवार में भारी कोहराम मच गया है।। बताया जाता है थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव फरौली के पास एक अज्ञात वाहन ने पैदल चल रहे करीब 33 वर्षीय युवक अशोक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अशोक पुत्र रामवीर सिंह फरौली गांव का निवासी था और गांव में ही एक सैलून में काम करता था। वह शादीशुदा था। बताया जा रहा है कि अशोक देर रात हाथरस जंक्शन कस्बा से वापस पैदल अपने गांव लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर अशोक के परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। मृतक अशोक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे छोड़ गया है। इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।









