
हसायन। कस्बा में भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के राष्ट्रीय सचिव/मंडलाध्यक्ष ठाकुर राम जादौन को पुलिस ने उनके घर पर ही उन्हें नजरबंद कर दिया है। वह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के विरोध में धरने पर बैठे पंकज धवरैय्या के समर्थन में शामिल होने जा रहे थे।
थाना पुलिस ने किसान नेता ठाकुर राम जादौन को पिछले चार दिनों से उनके घर पर ही नजरबंद रखा है। उक्त कार्यवाही यूजीसी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे सवर्ण समाज के पंकज धवरैय्या को समर्थन देने जाने से रोकने के लिए की गई है। थाना पुलिस द्वारा चार दिन से नजरबंद किए जाने पर ठाकुर राम जादौन ने आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने अभी तक पंकज धवरैय्या के लिए टेंट-तंबू की व्यवस्था नहीं की है, जो सर्दी में प्रदर्शन कर रहे हैं।जादौन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पंकज धवरैय्या के लिए टेंट-तंबू की व्यवस्था नहीं की गई, तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। किसान नेता ठाकुर राम जादौन ने यह भी कहा कि भले ही यूजीसी को लेकर अभी रोक लगा दी गई हो, फिर भी उन्हें स्वतंत्र भारत में अपनी बात सरकार तक पहुंचाने से रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें अपराधियों की तरह घेरकर नजरबंद किए हुए है और घर पर पहरा दे रही है, जबकि पंकज धवरैय्या हमेशा सर्वसमाज के हित के लिए तैयार रहते हैं।









