
हसायन-29 जनवरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव इन्द्रनगर सिकतरा में आज एक विधवा बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के बरामदे में पड़ा मिलने से गांव में भारी सनसनी फैल गई। मृतक महिला के कान, नाक से सोने के आभूषण गायब थे और कान से खून भी निकला हुआ था। ग्रामीणों ने लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। सिकंद्राराऊ क्षेत्राधिकारी जेनेन्द्र नाथ अस्थाना के साथ, फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
बताया जाता है गांव सिकतरा निवासी करीब 62 वर्षीय वृद्ध महिला श्रीमती मालती देवी उर्फ मुन्नी देवी पत्नी स्वर्गीय केंद्रपाल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने और आज सुबह शव पड़ा मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। गांव के ही महेंद्रपाल सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब नौ बजे तक महिला को दूध गर्म करते और अलाव तापते देखा गया था। आज सुबह लगभग 7.30 बजे जब वह दिखाई नहीं दीं, तो पड़ोसियों ने देखा कि बाहर का दरवाजा भिड़ा हुआ था, लेकिन अंदर से कुंडी नहीं लगी थी। अंदर का दरवाजा खुला था और मालती देवी बरामदे में मृत पड़ी थीं। पड़ोसियों ने पाया कि मालती देवी के कान और नाक से सोने के कुंडल और लोंग गायब थे, साथ ही उनके कान से खून भी निकला हुआ था।

घटना की सूचना पाकर मौके पर तत्काल फॉरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वायड पहुंच गए थे और फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य को इकट्ठा करते हुए घटना की छानबीन की गई। वही डॉग स्क्वायड द्वारा भी अज्ञात हत्यारों की तलाश में तलाशी की गई।
उक्त परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि अज्ञात लोगों ने लूटपाट के इरादे से महिला की हत्या की है। जानकारी के अनुसार मृत महिला के पति केंद्रपाल सिंह का लगभग नौ साल पहले पथरी के इलाज के दौरान निधन हो गया था। मालती देवी की कोई संतान नहीं थी और उनके नाम पर करीब पच्चीस बीघा जमीन थी। उनके पति तीन भाई थे।
उक्त संबंध में सी.ओ. सिकन्द्राराऊ जैनेन्द्र नाथ अस्थाना व कोतवाली प्रभारी गिरीश चन्द्र गौतम ने बताया कि 62 वर्षीय महिला का शव घर में पाया गया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि महिला की मौत कैसे हुई है।









