
सिकन्द्राराऊ- 15 जनवरी। कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव नगला डांडा में नहर पटरी के निकट आज मिट्टी की ढाय खिसकने से एक महिला दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन फानन में महिला को उपचार के लिए एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां से चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया।।
बताया जाता है गांव नगला डांडा निवासी 38 वर्षीय मीना देवी पत्नी शैलेंद्र आज अपने परिजनों एवं पड़ोसियों के साथ नहर की पटरी से मिट्टी खोदने को गई थी। मिट्टी लेने के बाद परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोसी घर लौट गए, जबकि मीना देवी अपने एक छोटे बच्चे के साथ वही मिट्टी खोद रही थी। इस दौरान ऊपर से मिट्टी की ढाय खिसककर उन पर गिर गई। जिससे वह उसमें दब गई। मिट्टी में मां को दबा देख बच्चे ने शोरगुल करना शुरू कर दिया। बच्चे की चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए । जहां उन्होंने तत्काल मिट्टी में दबी मीना देवी को अथक प्रयास कर बाहर निकाला। घटना की सूचना पाकर मीना देवी के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। मिट्टी में दबने से मीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए । जहां से चिकित्सक ने उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।









