
हाथरस-15 जनवरी। इस समय पड़ रही कडाके की ठंड एवं शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिसके कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर भी भारी असर पड़ रहा है। ठंड की चपेट में आकर बड़े बुजुर्ग ही नहीं बल्कि छोटे-छोटे बच्चे भी बीमार हो रहे हैं और सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार आदि की बीमारियां उन्हें चपेट में ले रही हैं।। बताया जाता थाना चंदपा क्षेत्र के ककोड़ी गांव में ठंड लगने से एक ढाई महीने की बच्ची गणिका पुत्री अरविंद की मौत हो गई।बुधवार को परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल की ओपीडी और महिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में रोजाना लगभग सौ बच्चे खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित होकर आ रहे हैं। निजी अस्पतालों में भी ऐसे मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. केपी सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से दिन में धूप निकलने के बावजूद सुबह और रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसी वजह से बच्चे इन बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को सर्दी से बचाकर रखें, उन्हें पूरे कपड़े पहनाएं और गर्म पानी से नहलाएं।









