
हाथरस। बागला जिला अस्पताल परिसर स्थित एक स्टोर में आज दोपहर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग पहले विद्युत केबल में लगी, जिसके बाद वह गोदाम में रखे कबाड़ के सामान तक फैल गई। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में भारी हड़कंप मच गया।। बागला जिला अस्पताल परिसर स्थित कबाड़ स्टोर में आज दोपहर आग लगने पर अस्पताल के कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर स्वयं आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि आग तेजी से फैलने लगी और स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख फायर स्टेशन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्य शुरू किया गया।दमकल कर्मियों ने अस्पताल कर्मचारियों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान चलाया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि आग लगने से स्टोर में रखे कुछ सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
जिला अस्पताल में आग की घटना के बाद अस्पताल की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं। वार्डों में अंधेरा छा गया और भर्ती मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीजों और उनके परिजनों ने बताया कि बिजली आपूर्ति बंद होने से अस्पताल में सामान्य कामकाज भी प्रभावित हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर अपर जिलाधिकारी और एसडीएम सदर जिला अस्पताल पहुंच गये। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।









