
हाथरस। नगर पालिका परिषद कार्यालय के सामने तालाब ओवरब्रिज के नीचे हो रहे अतिक्रमणों पर आज पालिका प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया और पालिका प्रशासन की कार्यवाही से अतिक्रमणकारियों में भारी खलबली मच गई तथा पालिका के बुलडोजर को देखकर अतिक्रमणकारी स्वयं ही अपने-अपने अतिक्रमण को हटाने में लग गए। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ वहां पर लग गई थी।। . नगर पालिका प्रशासन ने आज तालाब ओवरब्रिज के नीचे नगर पालिका के सामने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान नगर पालिका कार्यालय के सामने चलाया गया, जिसमें जेसीबी की मदद से काफी कच्चे और पक्के निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में यह कार्यवाही की गई।
पालिका प्रशासन द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मौके पर कई खोखे और अवैध रूप से बनाए गए पक्के निर्माण को गिराया गया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग अपना सामान हटाते हुए भी दिखे। इस दौरान स्थिति हंगामा जैसी बन गई। पालिका प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई है।। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी नगर पालिका प्रशासन ने उक्त स्थान पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। तमाम कच्चे पक्के निर्माण ध्वस्त किए गए थे। हालांकि, उस अभियान के बाद दोबारा यहां खोखे और पक्के निर्माण कर लिए गए थे। इसी के चलते आज फिर से इन अवैध कब्जों को ध्वस्त किया गया है।। उक्त संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी का कहना है कि परिषद में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पालिका की सीमान्तर्गत अलीगढ आगरा रोड स्थित फ्लाई ओवर के नीचे लोगों / स्थानीय निवासियों द्वारा चलाये जाने वाले अस्थाई होटल एवं लगाये जा रहे अवैध ठेलों आदि के कारण होने वाले जाम से लोगों को निजात दिलाये जाने के क्रम में पालिका परिषद अधिकारीगण / कर्मचारीगण यशुराज शर्मा प्रभारी नजूल निरीक्षक, अमित कुमार कर संग्रहक, दिनेश गुप्ता परिसेवक, सोनू शर्मा पौण्ड मौहर्रिर, ललित ठाकुर, आउटसोर्सिंग कर्मी एवं अन्य निर्माण तथा स्वास्थ्य / सफाई अनुभाग में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा उपरोक्त स्थल अलीगढ आगरा रोड स्थित फ्लाई ओवर के नीचे अतिक्रमण हटाओं अभियान चलाते हुए लोगों द्वारा किये गये अतिक्रमण को जेसीबी के माध्यम से हटाया गया है। अधिशासी अधिकारी ने है कि नगर पालिका परिषद द्वारा प्रतिदिन उक्त अभियान को चलाया जायेगा। जिन लोगों द्वारा सरकारी मार्ग आदि पर अतिक्रमण कर लिया गया है, वह उसे स्वयं हटा लें, अन्यथा कि दृष्टि में उनसे जुर्माना वसूल किये जाने के साथ साथ अतिक्रमण हटाये जाने की कार्यवाही अमल में लायी जायेगी, जिसका समस्त उत्तरदायित्व सम्बन्धित व्यक्ति का होगा।











