
हाथरस। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव राय ने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आईं हैं।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महौ और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाथरस जंक्शन में कई डॉक्टर, स्टाफ नर्स और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कई स्थानों पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली, जबकि कुछ महत्वपूर्ण वार्ड और कक्ष बंद पाए गए।

सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच की और अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए। कई कर्मचारियों के अनुपस्थिति अवधि के वेतन आहरण पर तत्काल रोक लगा दी गई है। हसायन स्वास्थ्य केंद्र में शौचालय, ऑपरेशन थिएटर और एनबीएसयू कक्ष की सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई। वहीं महौ स्वास्थ्य केंद्र में मीटिंग हॉल और हीट वेव रूम की स्थिति खराब मिलने पर अधिकारियों को तत्काल सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मरीजों और तीमारदारों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की भी जांच की गई। सीएमओ ने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रतिदिन ठंडा और साफ पानी उपलब्ध कराया जाए। स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव सेवाओं, दवा उपलब्धता और लैब जांच की स्थिति का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त किया जाए।












