परीक्षा केंद्र पर शिक्षकों ने छात्र को पीटा, घायल

छात्र ने शिक्षकों पर परीक्षा में नकल कराने के नाम पर रुपये मांगने और पैसे न देने पर मारपीट करने का लगाया आरोप

सिकंदराराऊ। कस्बा हसायन में कोतवाली के निकट स्थित एक महाविद्यालय में परीक्षा देने पहुंचे बीए के छात्र के साथ शिक्षकों ने गाली-गलौज मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित छात्र ने शिक्षकों पर परीक्षा में नकल कराने के नाम पर रुपये मांगने और पैसे न देने पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ऐंहन निवासी वरूण सोनी ने दी तहरीर में कहा है कि वह कक्षा बीए चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र है। उसका परीक्षा केंद्र कस्बा हसायन स्थित श्रीमती जलधारा देवी महाविद्यालय में बनाया गया था। बुधवार को वह भूगोल विषय की परीक्षा देने के लिए केंद्र पर पहुंचा था। पीड़ित छात्र का आरोप है कि परीक्षा के दौरान तबीयत खराब होने पर वह सीट पर सिर रखकर बैठ गया। इस दौरान एक शिक्षक ने उसे डांटते हुए उठाया और विरोध करने पर अन्य स्टाफ को बुला लिया। छात्र का कहना है कि उसे दूसरे कमरे में ले जाकर कई शिक्षकों ने मारपीट की, जिससे उसकी आंख में चोट आई है। पीड़ित छात्र ने आरोप यह भी लगाया है कि परीक्षा में नकल कराने के लिए उससे कई दिनों से रुपये मांगे जा रहे थे। रुपये न देने पर उसके साथ मारपीट की गई।
घटना के बाद छात्र अपने साथियों के साथ हसायन कोतवाली पहुंचा । तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने घायल छात्र का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है ।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment