
मथुरा। भारतीय जनता पार्टी मथुरा महानगर के कृष्णा नगर मंडल का दो दिवसीय मंडल प्रशिक्षण वर्ग स्थानीय खंडेलवाल सेवा सदन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा तथा संगठनात्मक कार्यों के प्रति प्रशिक्षित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रज क्षेत्र मंत्री रजनीश त्यागी, विनोद चौधरी एवं मथुरा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर ‘राजू’ यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के इतिहास, अंत्योदय की विचारधारा तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, संगठन विस्तार तथा बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के विषय में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसकी सबसे बड़ी ताकत इसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली सेवा, संगठन और राष्ट्रहित की भावना पर आधारित है, जिसके कारण आज पार्टी देश के कोने-कोने तक अपनी सशक्त पहचान बना चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के भीतर वैचारिक स्पष्टता लाना तथा उन्हें संगठन की कार्यपद्धति से परिचित कराना है, ताकि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचा सकें। राजू यादव ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ जीता, चुनाव जीता के मंत्र को आत्मसात करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प लें।
वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति हैं और प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य उन्हें आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सक्रिय एवं संगठित करना है। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री संत कुमार शर्मा ने किया।
इस अवसर पर मंडल प्रभारी रामकिशन पाठक, मंडल अध्यक्ष राजू चौधरी, पूर्व महापौर डॉ. मुकेश आर्य बन्धु, महानगर उपाध्यक्ष संजय शर्मा, पूर्व नगर अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल, पूर्व नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता,पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा,पार्षद प्रतिनिधि बृजेश अहेरिया, पार्षद राजवीर चौधरी, मंडल मंत्री विनोद पांडे, चंद्रकांत पांडे सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









