
हाथरस थाना मुरसान क्षेत्र के गांव बिशुनदास के लापता युवक की गत दिनों करवन नदी में लाश मिली थी। वहीं युवक की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों ने आज कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पुलिस पर कार्यवाही न करने का आरोप लगाया और न्याय की मांग की गई।
बताया जाता है थाना मुरसान क्षेत्र के गांव बिशुनदास निवासी रितेश उर्फ छोटू गत 13 मार्च से लापता हो गया था। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 14 मार्च को थाना मुरसान में दर्ज कराई गई थी तथा रितेश का शव 21 मार्च को केसरगढ़ी के निकट करबन नदी में मिला था। मृतक के चाचा कोमल सिंह ने आरोप लगाया कि नामजदों ने रितेश की हत्या की है।रितेश के भतीजे जितेंद्र ने 22 मार्च को थाना मुरसान में चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की है और वे खुलेआम गांव में घूम रहे हैं। कोमल सिंह ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आशंका जताई है कि इलाका पुलिस आरोपियों के दबाव में काम कर रही है, जिसके कारण उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने के लिए थाना पुलिस को निर्देशित करने की मांग की और उन्हें न्याय दिलाए जाने का अनुरोध किया है।
उक्त संबंध में सीओ सादाबाद अमित पाठक का कहना है कि पुलिस पर लगे आरोप निराधार हैं और इस मामले में आगे की जांच और कार्यवाई की जा रही है।









