
हाथरस मथुरा रोड स्थित जनपद के प्रतिष्ठित स्कूल लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल की शिक्षिका डॉ. मीनू शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को जागरुक करते हुए कहा है कि पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हर साल 8 मार्च को मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं की उपलब्धियां और जज्बे को समर्पित होता है।
उन्होंने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के अधिकारों, समानता,सम्मान और उनके सामाजिक,आर्थिक सांस्कृतिक, राजनीतिक योगदान को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुरुआत वर्ष 1908 में 15000 कामकाजी महिलाओं ने अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक विशाल जुलूस निकालकर की थी। इन महिलाओं ने अपने काम करने के घंटे को कम करने, बेहतर तनख्वाह और वोट डालने जैसे अपने अधिकारों के लिए अपनी लड़ाई शुरू की थी। आज की महिलाओं की सामाजिक स्थिति को सुधारने तथा महिलाओं के उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए यह दिवस मनाया जाता है।
आज महिलाएं शिक्षा, चिकित्सा सामाजिक, पारिवारिक, राजनीतिक,व्यापारिक,खेल कृषि, सेना आदि क्षेत्रों में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित कर रही है। आवश्यकता इस बात की है कि जो महिलाएं रूढ़िवादिता और अंधविश्वास में जकड़ कर अपने अधिकार और सम्मान से वंचित हैं, वह शिक्षित हो और जागरूक महिलाएं बने तभी समाज और तेज तरक्की करेगा।












