सुविधा को हुआ एक दशक पूराः परिवहन सेवा का विस्तारः छात्राओं के लिए भी की गई शुरू

हाथरस। उत्तर प्रदेश माध्यमिक बोर्ड परीक्षा 2026 के परीक्षार्थियों के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा स्वर्गीय पं. सत्यप्रकाश पाठक गुरुजी तथा स्वर्गीय पं. रामनिवास पाठक आईआरपीएस की स्मृति में और संघ के प्रांत संगठन मंत्री क्रीड़ा भारती उमेश कुमार तथा हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद के मार्गदर्शन में मेंडू के श्री नेहरू स्मारक भगवानदास इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक और पं. सत्यप्रकाश पाठक गुरुजी भागवताचार्य के सुपुत्र गौरव पाठक द्वारा संचालित की जा रही है।

(भरत कुशवाह) (आलोक राजपूत)
गत 18 फरवरी से जारी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले मेंडू तथा आसपास के गांवों से हाईस्कूल के छात्रों को सुबह की पाली में सरस्वती बाल विद्या मंदिर हाथरस जंक्शन तथा इंटरमीडिएट के छात्रों को दोपहर की पाली में श्री रामबाग इंटर कॉलेज हाथरस तक निःशुल्क वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह निःशुल्क परिवहन सुविधा पिछले दस वर्षों से (कोरोना से पेपर ना होने वाले वर्ष को छोड़कर) अनवरत गौरव पाठक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। जिससे छात्र तनाव रहित होकर शांत मन से सकारात्मक सोच के साथ अपनी परीक्षा दे सकें और अभिभावक भी बच्चों के आने जाने की चिंता से मुक्त होकर अपने अन्य कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
उक्त सुविधा का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में दूर दराज के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में छात्रों की मदद करना है। इस सुविधा को इस वर्ष मां गंगे मंदिर मेंण्डू के साथ साथ श्री नेहरू स्मारक भगवानदास इंटर कॉलेज मेंण्डू से भी संचालित किया जा रहा है।
शिक्षक गौरव पाठक ने बताया कि वर्ष 2016 में एक एक्सीडेंट की घटना से उन्हें इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरणा मिली और उन्हें इस बात पर गर्व है कि वे अपने देश,राज्य और जिले के छात्र, छात्राओं की सेवा तथा सहयोग कर पा रहे हैं। शिक्षक द्वारा परीक्षा के तनाव को दूर करने के लिए स्थापित सत्यचेतना हेल्पलाइन को भी सात वर्षों का समय हो गया है। इस निःशुल्क परिवहन सुविधा को 2016 से शुरू होकर एक दशक का समय पूरा हो चुका है। कोरोना के कारण यह सुविधा एक वर्ष स्थगित भी रही है। इस सुविधा के एक दशक पूरा होने के उपलक्ष्य में इसे 2026 से छात्राओं के लिए भी उनके परीक्षा केंद्र तक भेजने के लिए विस्तारित किया गया है।इस परिवहन सुविधा का लाभ अब तक 1500 से अधिक बच्चे ले चुके हैं। इस वर्ष भी दोनो पालियों में 144 बच्चे इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।
जिले के प्रमुख और प्रबुद्ध नागरिकों व श्री नेहरू स्मारक भगवानदास इंटर कॉलेज मेंण्डू के प्रधानाचार्य मनोज कुमार राजपूत, उप प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र सिंह राजपूत ने निःशुल्क परिवहन सुविधा के एक दशक पूरा करने पर शिक्षक गौरव पाठक के इस नए और विशिष्ट विचार की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।इस निःशुल्क परिवहन सुविधा का लाभ उठाने के लिए छात्र एवं अभिभावक शिक्षक गौरव पाठक से 8445137790 पर संपर्क और समन्वय स्थापित कर सकते हैं। शिक्षक गौरव पाठक को अभी हाल ही में हेल्पलाइन सत्य चेतना के लिए देश के पहले विजनरी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। इस अवॉर्ड को राजस्थान के कोटा जिले की संस्था द्वारा छात्र छात्राओं में परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव को दूर करने के लिए शुरू किया गया है।









