खाद्य विभाग का एग्रो कंपनी पर छापाःपेस्ट, मसाले, तेल का भरा सैंपल

हाथरस।होली के त्यौहार पर मिलावट करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देश क्रम में होली के अवसर पर आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है।
उपजिलाधिकारी सासनी नीरज कुमार शर्मा के नेतृत्व व निर्देशन में आज मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के साथ तहसील सासनी अंतर्गत अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत रघनिया रोड पर स्थित कपिल आनंद एग्रो प्राइवेट लिमिटेड श्रीनगर रुहेरी के यहाँ छापामार कार्यवाही की गई। मौके पर फैक्ट्री में सचिन खन्ना उपस्थित पाए गए। मौके पर निरीक्षण में विक्रय के लिए तैयार जिंजर गार्लिक पेस्ट (कैच ब्रांड) का नमूना जांच हेतु लिया गया। मौके पर अचार बनाने के लिए प्रयोग किए जाने वाले लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, अमृत गोल्ड ब्रांड सरसों का तेल और राई कुरिया यह नमूने जांच हेतु लिए गए। शेष बचा 268 किलो राई कुरिया, 248 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर और पीपे में बचा 13 किलोग्राम सरसों का तेल सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में दिया गया। सभी नमूनो को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
अग्रिम कार्यवाही रिपोर्ट प्राप्ति के बाद की जाएगी। खाद्य सचल टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, डॉ. विकास कुमार, करतार सिंह, पारुल सिंह और सुरेंद्र कुमार गोड शामिल थे और खाद्य विभाग अधिकारियों का कहना है कि छापामार कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment