एक दिवसीय श्ट्विनिंग एंड पेयरिंग कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम श्री कंपोजिट स्कूल बिजलीघर के विद्यार्थियों ने एबीजी गुरुकुलम, सासनी का शैक्षणिक भ्रमण किया।
बुधवार को शैक्षिक भ्रमण की जानकारी देते हुए प्रधानाध्यापिका बरखा गुप्ता एवं राजकुमारी उपाध्याय ने संयुक्त रूप से बताया कि भ्रमण का मुख्य उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को आधुनिक शैक्षिक परिवेश और नवाचारों से रूबरू कराना है। भ्रमण के दौरान विद्यालय के करीब चालीस छात्र-छात्राओं ने एबीजी गुरुकुलम की अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाओं, स्मार्ट क्लासरूम और खेलकूद सुविधाओं का गहनता से अवलोकन किया। जिसमें उन्हें सह-शैक्षणिक गतिविधियों की महत्ता समझने का अवसर मिला। इस दौरान विद्यालय स्टाफ के सदस्य इरफान और श्वेता का विशेष सहयोग रहा। शिक्षक संकुल रणजीत सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों में आपसी समझ और कौशल विकसित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। कार्यक्रम में श्री अनिल कुमार, डॉ. सतना, छात्रा दीक्षा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस शैक्षणिक यात्रा से उत्साहित विद्यार्थियों ने कहा कि उन्हें नई तकनीक और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को करीब से देखने का अनूठा अनुभव प्राप्त हुआ है।









