गांव रुदायन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा दुष्यंत सीएससी एण्ड गवर्नेंस इंण्डिया लिमिटेड जनसेवा केन्द्र पर टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रियता से मिसाल पेश की।
बुधवार को आयोजित इस विशेष सत्र में एएनएम और आशा बहुओं ने घर-घर जाकर न केवल टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाई, बल्कि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए मुस्तैदी दिखाई। एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं ने शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं की ट्रैकिंग कर उन्हें केंद्र तक लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं एमओआईसी डा. पंकज कुमार ने निर्देश दिए कि गांव का एक भी बच्चा टीकाकरण चक्र से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने रिकॉर्ड के सही मिलान और समय पर पोर्टल अपडेट करने पर जोर दिया। कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने का सबसे प्रभावी तरीका है। ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की।









