गांव हड़ौली में रविवार की देर रात आपसी कहासुनी को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे परिजनों द्वारा थाने ले जाया गया। पुलिस ने घायल को उपचार के सीएचसी भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज किया।
सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार गांव हडौली में रविवार की देर रात करीब नौ बजे निवासी राधे पुत्र शंकर लाल की किसी बात को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से कहासुनी हो गई थी। यह मामूली विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें राधे घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही घायल राधे के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों को आता देख मारपीट कर रहे लोग मौके से भाग गए। घटना के बाद परिजन घायल राधे को थाने लेकर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी सासनी भेज दिया, जहां उसका इलाज किया गया। फिलहाल पीडित पक्ष ने दूसरे पक्ष के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है। जिसे लेकर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
दूसरी ओर कस्बा के मुहल्ला सिद्धनगर में दो पक्ष आपसी कहासुनी को लेकर भिड गये। जिनमें जमकर लात घूंसे चले और थोडी ही देर में लाठी डंडे निकल आए। घटना में एक पक्ष से रोहित और उसके परिवार का अन्य व्यक्ति घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति को चोटें आईं। घटना के बाद सभी घायल थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने सभी घायलों को चिकित्सीय परीक्षण और उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया मगर घायल रोहित की हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। 











