
गांव रूहल में बिजली के शॉर्ट सर्किट से ग्रामीणों की बुर्जी और बिटोरों में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इसकी चपेट में पास में रखा धान का पुआल और पशुओं का चारा भी आ गया। हादसे में प्रमोद पुत्र पूरन सिंह, चंद्रशेखर पुत्र जोधपुर और सरमन पुत्र जोधपाल का हजारों रुपये का नुकसान हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को आसपास फैलने से रोका। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर विद्युत विभाग के लाइनमैन आरिफ और कौशल भी मौके पर पहुंचे। दोनों कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए विद्युत पोल पर चढ़कर तारों में दौड़ रही बिजली की सप्लाई बंद कराई, जिससे हादसे को और गंभीर होने से बचाया जा सका। उधर, क्षेत्रीय लेखपाल बलवीर सिंह ने घटना की जानकारी जुटाकर नुकसान की सूचना उच्च अधिकारियों को भेज दी है। आग लगने से प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।











