
हाथरस-26 जनवरी। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के प्रांगण में 77 वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार मिश्रा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

तत्पश्चात क्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बैंक के कार्यरत तथा सेवा-निवृत्त वरिष्ठ साथियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के पालन तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जी. के. शर्मा, पदम सिंह वर्मा, राजीव आर्य, संजय गौतम, संजीव विश्नावत, ओमप्रकाश एवं योगेश चंद्र भट्ट ने अपने विचार व्यक्त करते हुए गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन शिवदेव श्रोती द्वारा किया गया। समारोह के अंत में सभी जनों ने राष्ट्र निर्माण में अपने योगदान को निरंतर बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।









