हिंदी भाषा को करें राष्ट्रभाषा घोषित-डॉ. मीनू शर्मा

हाथरस। भारत की राजभाषा हिंदी को प्रचार प्रसार द्वारा अन्य भाषाओं के मुकाबले गौरवपूर्ण स्थान दिलाने हेतु संकल्पित गढ़ी तमना निवासी संस्कृत में पीएचडी प्राप्त डॉ. मीनू शर्मा ने आज 14 सितंबर को मनाए जाने वाले हिंदी दिवस पर गर्व करते हुए हर्ष व्यक्त किया है। साथ ही केंद्र सरकार से मांग की है कि हिंदी भाषा को राष्ट्रभाषा घोषित किया जाना चाहिए।।
डॉ. मीनू शर्मा ने कहा है कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं बल्कि हमारी संस्कृति परंपरा और भावनाओं की आत्मा है। यह हमें एक सूत्र में पिरोती है और विभिन्न क्षेत्रों, धर्मों और संस्कृतियों को जोड़ने का कार्य करती है। दुनिया के करोड़ों लोग हिंदी बोलते ही नहीं बल्कि समझते भी हैं,जिससे यह विश्व की प्रमुख भाषाओं में से एक है। इसी कारण हमारे देश की संविधान सभा ने 14 सितंबर 1949 में हिंदी को भारत की राजभाषा का दर्जा दिया था।


इस मौके पर उन्होंने हिंदी प्रेमियों, साहित्यकारो, कविगणों से आवाहन किया है कि इस हिंदी दिवस पर संकल्प लें कि हम हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करेंगे और इसे केवल एक भाषा नहीं बल्कि अपनी आत्मा और अस्मिता का प्रतीक मानकर सम्मान देंगे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment