सिकंदराराऊ । कस्बा पुरदिलनगर में एक पेट्रोल पंप की जमीन खाली कराने को लेकर नामजदों ने पेट्रोल पंप संचालक के भाई और मां को मारपीट घायल कर दिया। पेट्रोल पंप संचालक ने कोतवाली में दो नामजद एवं दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बा के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी निवासी नरेंद्र कुमार शर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उन्होंने आमोद शर्मा निवासी जलेसर रोड कस्बा पुरदिलनगर से जमीन पेट्रोल पंप के लिए पट्टे पर ली है। यह लीज दिसंबर 2025 से दिसंबर 2039 तक के लिए है। नरेंद्र कुमार शर्मा के पास जमीन का लिखित एग्रीमेंट भी है। वह रॉयल फिलिंग स्टेशन जलेसर रोड कस्बा पुरदिलनगर के स्वामी हैं। घटना के समय नरेंद्र कुमार शर्मा किसी कार्य से जयपुर गए हुए थे।इस दौरान 3 सितंबर की शाम करीब पांच बजे करीब नरेंद्र के भाई शीलेन्द्र कुमार शर्मा पेट्रोल पंप पर काम देख रहे थे। तभी आमोद शर्मा, उनका पुत्र हर्षित शर्मा और दो अज्ञात लोग पेट्रोल पंप पर आ गए। आरोप है कि इन लोगों ने एग्रीमेंट होने के बावजूद जमीन खाली कराने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने पेट्रोल पंप के सामने रस्सी लगाकर रास्ता बंद करने की भी कोशिश की। इसका विरोध करने पर शीलेन्द्र कुमार शर्मा और एक सेल्समैन के साथ मारपीट की गई।
घटना की जानकारी मिलने पर नरेंद्र की मां मौके पर पहुंचीं। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।












