ताऊ भतीजे की बाइक फिसली: इकलौते पुत्र की मौत: कोहराम

हाथरस। अपने ताऊ के साथ बाइक पर बैठकर अपने घर आ रहे थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बरवाना निवासी एक 11 वर्षीय बालक की गांव के पास ही बाइक फिसल जाने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। बालक की मौत की खबर से जहां परिजनों में भारी कोहराम मच गया है। वही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे मौहल्ले में भारी शोक का माहौल है।

बताया जाता है थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बरवाना निवासी मनोज कुमार मल्लाह अपने 11 वर्षीय भतीजे एवं राजेश कुमार के इकलौते पुत्र गगन को कल बाइक द्वारा नरोरा से लेकर अपने गांव आ रहे थे। तभी रास्ते में थाना हसायन क्षेत्र के गांव गंगापुर के निकट उनकी बाइक अचानक फिसल गई। जिससे ताऊ और भतीजे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं 11 वर्षीय बालक गगन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की खबर से मौके पर जहां राहगीरों व पास के ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। वहीं सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और तत्काल दोनों को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने गगन को मृत घोषित कर दिया। इकलौते पुत्र की मौत से परिवार में भारी कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment