यूपीआई के माध्यम से दो युवकों के गलत खाते में ट्रांसफर हुए 90 हजार रुपए कराए वापस

सिकंदराराऊ । कोतवाली साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा यूपीआई के माध्यम से दो युवको के गलत खाते में ट्रांसफर हुए 90 हजार रुपए वापस करा दिए गए।
पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव टटी डंडिया निवासी विनय कुमार पुत्र जयपाल सिंह एवं प्रशांत वर्मा पुत्र दीपक वर्मा निवासी मोहल्ला मटकोटा ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके मोबाइल पर एक लिंक आया था। जिस पर क्लिक करने पर उसके खाते से 90,000 रुपये चले गए। साइबर क्राइम टीम ने एनसीआरपी पर शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की। टीम ने शिकायतकर्ताओं के बैंक खाते से ट्रांसफर हुए रुपयों का विवरण प्राप्त किया और लाभार्थीयों के बैंक खाते को डेबिट फ्रीज कराकर धनराशि को सुरक्षित किया । टीम के सार्थक प्रयासों के परिणामस्वरूप मंगलवार को शिकायतकर्ताओ के खाते में पूरी 90 हजार रुपए की राशि वापस आ गई। अपनी धनराशि वापस पाकर दोनों शिकायतकर्ताओ ने कोतवाली सिकंदराराऊ पहुंचकर पुलिस और साइबर क्राइम टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की। थाना साइबर क्राइम, हाथरस ने आमजन से साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने सलाह दी है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना खाता संख्या, पिन, ओटीपी, सीवीवी नंबर जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत करें या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment