मां के साथ बाजार जा रहे 8 वर्षीय इकलौते पुत्र को टैम्पू ने रौंदा, मौत

रक्षाबंधन के पर्व पर अपनी मां के साथ ननिहाल में आया हुआ था बालक

सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के कस्बानुमा गांव कचौरा में शनिवार को अपनी मां के साथ बाजार जा रहे 10 वर्षीय मासूम बालक को एक तेज रफ्तार टैम्पू ने टक्कर मार दी। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में घर का चिराग बुझ गया। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि दुष्यंत पुत्र महेंद्र सिंह उम्र 10 वर्ष निवासी गांव शेखूपुर मदन, थाना हाथरस जंक्शन, रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी मां संतोषी के साथ अपनी ननिहाल कचौरा आया था। वह कक्षा 2 का छात्र था। शनिवार को वह अपनी मां के साथ बाजार जा रहा था, तभी रास्ते में एक तेज गति से आ रहे एक टैम्पू ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया । हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। घायल बालक को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया । जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक बालक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। बताया यह भी जाता है कि मृतक दुष्यंत अपने परिवार का इकलौता चिराग था। उसकी मां अपने पति से अलग रहती है और वह हाथरस जंक्शन के एक सरकारी स्कूल में रसोइया है। उनके एक पुत्री भी है। बालक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment