मोबाइल गुम होने पर दोनों पक्ष भिड़े, जमकर हुई मारपीट घटना में दोनों पक्षों से पांच हुए घायल

सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव अजमतपुर अजगरा में मोबाइल गुम होने पर दो पक्षों में टकराव हो गया । दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना में दो महिलाओं सहित कुल पांच लोग घायल हो गए।
गांव अजमतपुर अजगरा निवासी राहुल पुत्र ऋषिपाल ने बताया कि सोमवार को उनका मोबाइल खो गया था। मोबाइल के बारे में जानकारी करने पर गांव के ही दूसरे पक्ष के एक युवक ने पहले मोबाइल होने की बात कही, लेकिन जब उसे मौके पर ले जाकर पूछा गया तो वह अपनी बात से मुकर गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। मंगलवार की सुबह राहुल की पत्नी वर्षा पशुओं को चारा देने जा रही थीं। रास्ते में दूसरे पक्ष के नामजद लोगों ने उन्हें रोककर रात की घटना को लेकर गाली-गलौज की और मारपीट की। वर्षा की चीख-पुकार सुनकर उनके पति राहुल और परिजन मौके पर पहुंचे, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। घटना में राहुल के अलावा उनके बहनोई मनोज कुमार पुत्र शिशुपाल (निवासी अगसौली) और राहुल की बहन घायल हो गईं। दूसरे पक्ष से चक्रवती, प्रेम किशोर और प्रेम को भी चोटें आईं। पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है ।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment