
सिकंदराराऊ। कस्बा हसायन में गड़ौला मार्ग पर जातिगत टिप्पणी को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट एवं पथराव हो गया। घटना में दोनों पक्षों से सात लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी हैं ।
गांव इटरनी निवासी कुलदीप पुत्र बलवीर सिंह ने दी तहरीर में कहा है कि वह एक स्टोन विक्रेता हैं और उनकी दुकान कस्बा हसायन में गड़ौला मार्ग पर स्थित है। वह मंगलवार को अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी दूसरे पक्ष के कुछ नामजद लोग आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उनके परिवार के संदीप पुत्र सत्यपाल सिंह ने जब झगड़े का कारण पूछा, तो नामजदों ने गाली गलौज कर लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया । जिससे वह एवं संदीप घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के अवधेश कुमार बघेल पुत्र केंद्रपाल सिंह निवासी गांव इटरनी ने बताया कि वह मंगलवार को वह कस्बा हसायन में गड़ौला मार्ग पर स्थित एक मेडिकल स्टोर से दवा ले रहे थे। तभी पहले पक्ष के एक युवक ने जातिगत टिप्पणी की। अवधेश ने विरोध किया तो युवक ने उनके साथ कहासुनी और मारपीट शुरू कर दी। परिजनों को झगड़े की जानकारी होने पर वे भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जहां पहले पक्ष के नामजदों उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान अवधेश के अलावा उनके पिता केंद्रपाल, मां शीला देवी, वीनेश पत्नी अखिलेश और वीनेश पत्नी वीरेश भी घायल हो गईं। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्ष के घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है ।









