हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपदवासियों से हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक होने के साथ-साथ प्रत्येक भारतीय के गौरव, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रतीक है।
जिलाधिकारी ने कहा है कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। जनपद का प्रत्येक परिवार इस अभियान से जुड़कर अपने घर पर तिरंगा फहराए और अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी अभियान में सहभागिता के लिए प्रेरित करे।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में अपना योगदान दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और गरिमा के प्रति जागरूक किया जाए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि आइए, हम सभी मिलकर अपने घर पर तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ के संकल्प को जन-जन का अभियान बनाएं।











