तालाब ओवरब्रिज पर होनहार छात्रा की मौत को लेकर संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने जताया आक्रोश: मांग

हाथरस। शहर के तालाब चौराहा ओवरब्रिज पर एक बेहद दुखद व दर्दनाक हादसे में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की कोचिंग से वापस घर लौट रही एक होनहार छात्रा को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रौंद दिया। इस हादसे में छात्रा की मौके पर ही अकाल मृत्यु हो गई। इस हृदय विदारक घटना से पूरे शहर और व्यापारिक समुदाय में गहरा शोक व आक्रोश व्याप्त है।
उक्त घटना को लेकर संयुक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल व्यापार मंडल के पदाधिकारियों में संस्थापक राजीव वाष्र्णेय ने कहा है कि तालाब ओवरब्रिज अब पुल नहीं, बल्कि ‘खूनी पुल’ का रूप ले चुका है। एक होनहार बेटी की जान जाना सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक व यातायात व्यवस्था की घोर विफलता है। जब तक ओवरब्रिज पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक और ट्रैफिक पुलिस की जवाबदेही तय नहीं होगी, व्यापार मंडल शांत नहीं बैठेगा। संयुक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक कन्हैया वाष्र्णेय ने कहा है कि तालाब चौराहा पुल पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। यातायात पुलिस और होमगार्ड के जवान अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़े रहते हैं। यदि समय रहते ट्रैफिक नियंत्रण के कड़े कदम उठाए गए होते तो आज उस होनहार बेटी की जान न जाती। हम दोषी ट्रैक्टर चालक पर सख्त कार्यवाही और पीड़ित परिवार को न्याय की मांग करते हैं।जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह चौहान ने कहा है कि ओवरब्रिज पर भारी वाहनों के प्रवेश और ओवरस्पीडिंग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जानी चाहिए। नो एंट्री नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिसका खामियाजा हमारे शहर की प्रतिभाओं को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ रहा है।


जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र वाष्र्णेय, जिला महामंत्री रविंद्र सिंह , लोकेश अग्रवाल जिला कोषाध्यक्ष ने कहा है कि व्यापार मंडल पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। प्रशासन तुरंत ओवरब्रिज पर सीसीटीवी कैमरे, गति-नियंत्रक (स्पीड ब्रेकर) और 24 घंटे मुस्तैद ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करे।यदि पुलिस प्रशासन ने तालाब ओवरब्रिज पर स्थायी ट्रैफिक बूथ बनाकर सख्त चेकिंग शुरू नहीं की, तो संयुक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल आंदोलन की राह अपनाने के लिए बाध्य होगा।। तालाब ओवरब्रिज पर सुरक्षा व्यवस्थायें दुरुस्त करने एवं दोषियों पर कार्यवाही हेतु जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजकर तालाब ओवरब्रिज पर ट्रैक्टर दुर्घटना में छात्रा की मृत्यु, यातायात पुलिस की घोर लापरवाही एवं ओवरब्रिज पर स्थाई सुरक्षा प्रबंध करने हेतु भेजा है।दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर चालक को तत्काल गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की धारा में कठोरतम वैधानिक कार्यवाही की जाए। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले यातायात पुलिसकर्मियों व होमगार्ड जवानों की जांच कराकर उन्हें निलंबित किया जाए। भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। मृतक छात्रा के शोकाकुल परिवार को शासन द्वारा उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment