धूमधाम के साथ मनाया पथवारी माता मंदिर का 38 वां स्थापना दिवस ,बही भक्ति की बयार


दर्शन को उमड़ी भक्तों की भीड़

सिकंदराराऊ। कस्बा के मोहल्ला नगला शीशगर स्थित सिद्ध पीठ पथवारी माता मंदिर का 38 वां स्थापना दिवस शुक्रवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में भव्य फूल बंगला सजाया गया । हवन यज्ञ, पूजा-अर्चना और भंडारे का भी आयोजन किया गया। पूरा मंदिर दुधिया रोशनी से जगमगा उठा। प्रातः कालीन बेला में माता रानी का नयनाभिराम श्रृंगार किया गया। भक्तों ने उत्साह एवं श्रद्धा भाव के साथ माता रानी के श्रृंगार दर्शन किए। शिव परिवार का भी रुद्राभिषेक किया गया । कस्बा की महिला संकीर्तन मंडली द्वारा संकीर्तन किया गया। कस्बा के विद्वान ज्योतिषाचार्य पंडित सुभाष दीक्षित के पावन सानिध्य में हवन यज्ञ सम्पन्न हुआ । जिसमें आहुतियां देकर माता रानी के भक्तों ने जनकल्याण व संपूर्ण विश्व में मंगल और खुशहाली की कामना की। हवन के उपरांत कन्या पूजन किया गया। तत्पश्चात प्रसादी का वितरण किया गया। सुबह से ही भक्तों का मंदिर में आना शुरू हो गया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। दिनभर भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पथवारी माता की आधुनिक वाद्य यंत्रों पर भव्य एवं मनोहारी आरती की गई एवं माता रानी का गुणगान किया गया। संपूर्ण वातावरण भक्ति भाव से सराबोर हो गया। चहुंओर मातारानी के जयकारे गूंजने लगे। इस मौके पर मंदिर के पुजारी जगदीश प्रसाद, धर्मेंद्र शर्मा, वीरेंद्र बीरो लाला, चेतन पंडित ,ब्रज कमल सैनी , विष्णु वार्ष्णेय, दीपक पंडित, विश्वजीत वर्मा, राकेश यादव, रामू सक्सेना, राजू कश्यप, पूसाराम शर्मा, रज्जो वर्मा ,विनय उर्फ कन्हैया आदि मौजूद रहे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment