हाथरस। टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई ) के तत्वाधान में आज उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा देश के लाखों शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शिक्षकों द्वारा शिक्षकों के भविष्य को लेकर सांसद को ज्ञापन सौंपा गया है।। टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई ) के तत्वाधान में आज उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा ज्ञापन सौंपते हुए कहा गया है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 1 सितंबर 2025 को दिए गए आदेश के अनुसार सभी शिक्षकों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट )अनिवार्य कर दी गई है, जिसके कारण दशकों से अपनी सेवाएं दे रहे देश और प्रदेश के लाखों अनुभवी शिक्षकों के सामने अचानक सेवा-समाप्ति और जीविकोपार्जन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इस अत्यंत संवेदनशील और राष्ट्रीय स्तर के मुद्दे को लेकर आज उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद अनूप प्रधान के नीतिगत प्रतिनिधि ठा.राजेश कुमार सिंह गुड्डू से मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री को संबोधित राष्ट्रीय ज्ञापन सौंपा गया है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि जिन शिक्षकों ने अपने जीवन के बहुमूल्य वर्ष देश के नौनिहालों के भविष्य को संवारने और राष्ट्र निर्माण में लगा दिए हैं, उन्हें सेवा के इस पड़ाव पर पात्रता परीक्षा के नाम पर नौकरी से बेदखल करना पूरी तरह अमानवीय और अन्यायपूर्ण है। संगठन ने मांग की है कि केंद्र सरकार इस गंभीर विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संसद के माध्यम से आवश्यक वैधानिक संशोधन करे या अध्यादेश लाकर इन-सर्विस शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से पूर्णतः मुक्त रखे। शिक्षकों के वर्षों के शैक्षणिक अनुभव को ही उनकी पात्रता का अंतिम आधार माना जाना चाहिए, ताकि उनके मान-सम्मान और सेवा की सुरक्षा हो सके। इसके साथ ही संगठन ने इस कानूनी असमंजस की आड़ में शिक्षकों के हो रहे उत्पीड़न और नियम-विरुद्ध समायोजन जैसी दमनकारी कार्यवाहियों पर भी तत्काल रोक लगाने की पुरजोर वकालत की है।
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि राजेश गुड्डू ने शिक्षकों की इस न्यायसंगत मांग को पूरी गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि इस राष्ट्रीय स्तर के ज्ञापन को बिना किसी विलंब के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा,योगेंद्र शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अरुण शर्मा अध्यक्ष सहपऊ,शशी कुलश्रेष्ठ अध्यक्ष हाथरस,संतोष शर्मा अध्यक्ष सासनी,यतेन्द्र पाठक जिला कोषाध्यक्ष,गोविन्द रावत अध्यक्ष सादाबाद, सचिन शर्मा मंत्री सासनी, नरेश मीणा मंत्री,प्रभाकर शर्मा, अमित पचौरी,मोहित उपाध्याय,अमित शर्मा,विकास पौरुष, नितेश वार्ष्णेय, अशोक कुमार शर्मा, कृष्णकांत कौशिक ,राधेश्याम,विनोद कुमार, शैलेन्द्र कुमार,मोनू बंसल,भगवान दास यादव, राघवेंद्र गुप्ता,कुलदीप,गौरव शर्मा, गौरव पचौरी आदि शिक्षक मौजूद थे।









