हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव कछपुरा में आज सुबह आपसी विवाद के बाद हुई फायरिंग में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में हुई फायरिंग से भारी हड़कंप एवं अफरा तफरी मच गई तथा दोनों भाईयों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अतुल वत्स व पुलिस कप्तान चिरंजीव नाथ सिन्हा भी जिला अस्पताल पहुंच गए और पूरी घटना की जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार थाना चन्दपा क्षेत्र के गांव कछपुरा निवासी 65 वर्षीय महेश उपाध्याय और उनके सगे भाई 60 वर्षीय गिरीश उपाध्याय के बीच आज सुबह किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान पास के गांव का एक व्यक्ति भी विवाद में शामिल हो गया।आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उक्त व्यक्ति ने पहले गाली-गलौज की और वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह तमंचा लेकर अपने साथियों और परिजनों के साथ वापस लौटा तथा दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से महेश उपाध्याय और गिरीश उपाध्याय गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग की घटना से गांव में भारी हड़कंप एवं अफरा तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा भी जिला अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली।घायलों के परिजनों ने नगला ओझा निवासी व्यक्ति और उसके कुछ साथियों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।












