थोड़ी सी बारिश से ही हुआ जलभराव: राहगीरों को हुई परेशानी
हाथरस। जेठ माह की भीषण गर्मी से हर कोई अकुला रहा है और तेज धूप उमश भरी गर्मी से बच्चे, बूढ़े, जवान सभी परेशान हैं। लेकिन आज तड़के सुबह मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में घने बादल छाने के बाद, देर रात करीब 3 बजे एक घंटे तक बारिश हुई। हालांकि, इस बारिश से लोगों को गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली। गर्मी से लोग भारी परेशान है।

बीती रात्रि को तड़के आयी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। सदर कोतवाली परिसर में घुटनों तक पानी भर गया।
इसके अलावा शहर के मोहनगंज, लाला का नगला, नाई का नगला, करबला रोड, बालापट्टी, मौहल्ला श्रीनगर और तरफरा रोड सहित कई क्षेत्रों में पानी जमा हो गया। बरसात ने शहर के ड्रेनेज और सीवरेज सिस्टम की पोल खोल दी। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के कई इलाकों में बिजली भी गुल रही, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। बारिश के बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिली। कल का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आज सुबह भी तेज धूप निकली और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। भीषण व उमश भरी गर्मी से लोग अकुला रहे हैं तथा भगवान से जल्द मानसून आने की प्रार्थना कर रहे हैं।









