सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा में जवाहर बाजार स्थित गणेश द्वार के निकट बीती रात्रि को अज्ञात चोरों ने दो कॉस्मेटिक दुकानों में चोरी का प्रयास किये जाने से खलबली मच गई। चोरों ने दुकानों की पिछली दीवार काटकर अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन अंदर बनी लेंटर की मजबूत दीवार के कारण वे सफल नहीं हो सके और चोर बिना चोरी के ही फरार हो गए।
बताया जाता है उक्त दुकानें सुभाष गली निवासी मुकेश कुमार गोयल और खेमचंद्र गोयल की हैं, जो जवाहर बाजार में अगल-बगल स्थित हैं। दुकानदारों ने बताया कि इन दुकानों में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन लगातार हो रही वारदातों को देखते हुए, दुकानदारों ने सुरक्षा के लिए ईंटों की दीवार के पीछे एक अतिरिक्त लेंटर की दीवार बनवा दी है।बताया जाता है रविवार रात चोरों ने ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर की ओर से दुकानों के पीछे पहुंच बाहरी दीवार को काट दिया, लेकिन अंदर बनी मजबूत लेंटर की दीवार को भेदने में नाकाम रहे। काफी कोशिशों के बाद भी जब उन्हें सफलता नहीं मिली, तो वे वहां से भाग निकले।
आज सुबह दुकानदारों को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। दुकानदारों ने बताया कि जवाहर बाजार में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल है। उन्होंने बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।।
कस्बा इंचार्ज एसआई अंकित चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालेगी, ताकि चोरी का प्रयास करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की जा सके।









