गंगाघाटों पर किया मां जगदम्बे की प्रतिमाओं का विसर्जन:मां भगवती के जयघोषों से वातावरण हुआ सराबोर
सिकंदराराऊ । कस्बा में श्रद्धालुओ द्वारा दुर्गा महोत्सव के समापन पर मंगलवार को विजय दशमी के पर्व मां भगवती की मूर्ति विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। विसर्जन यात्रा में श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाते हुए जमकर डांस किया। दिनभर शोभायात्रा का दौर जारी रहा। शोभायात्राओं में शामिल झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। मां जगत जननी की प्रतिमाओं को यात्रा के बाद श्रद्धालु आस्था के साथ विसर्जन हेतु गंगा घाटों के लिए रवाना हुए। गंगा घाट में मां गंगा की धारा में मां भगवती की मूर्तियों को विसर्जित किया गया।
मंगलवार की सुबह कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद पूर्वी में श्रद्धालुओं द्वारा मां भगवती की मूर्तियों का विधि विधान से पूजन किया गया। जिसके बाद गाजे बाजे के साथ धूमधाम से विसर्जन यात्रा शुरू की गई। यात्रा कस्बा के विभिन्न मार्गो से होती हुई गुजरी । यात्रा में राधा कृष्ण के स्वरूप नृत्य करते हुए आगे आगे चल रहे थे। यात्रा में शामिल डीजे पर बज रहे मां भगवती के भक्ति गीतों पर युवा युवतियां थिरकते हुए नजर आए और एक दूसरे को रंग गुलाल लगाते रहे।
इस दौरान यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया ।धूमधाम के साथ शोभायात्रा निकाल कर श्रद्धालुओ द्वारा गंगा घाट पर पहुंचकर मां गंगा की धारा में मां जगत जननी की मूर्तियों को विसर्जित किया गया। क्षेत्र के गांवों में भी शारदीय नवरात्र में पंडाल लगाकर मां दुर्गा की मूर्तियां स्थापित की गईं थीं ।
श्रद्धालुओ द्वारा विजय दशमी के पर्व पर मां दुर्गा को आस्था के साथ विदाई दी गई। मां भगवती के गगनभेदी जयघोषों से कस्बा का वातावरण सराबोर हो गया ।











