गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित चल रहा आरोपी गिरफ्तार

सिकंदराराऊ। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को मुखबिर सूचना पर दबिश देकर गांव रतिभानपुर ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड से गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित चल रहे नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उक्त मामले में मृतक के भाई ने नामजद आरोपी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।


पुलिस के अनुसार 12 अक्तूबर को आकाश पुत्र गिरीश चन्द्र निवासी गांव मुन्नापुर थाना सिकंदराराऊ ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा था कि 8 अक्तूबर की दोपहर 12 बजे करीब उसका भाई राहुल नल पर पानी पी रहा था। इसी दौरान पड़ोस के खेत में ट्रैक्टर चला रहे गांव के ही शिव कुमार पुत्र सूरजवीर सिंह उर्फ रवि ने राहुल को आवाज देकर अपने पास बुलाया। आरोप है कि शिव कुमार द्वारा ट्रैक्टर तेज गति से चलाते हुए राहुल के ऊपर चढ़ा दिया गया । जिससे राहुल रोटावेटर में फंस गया और करीब 3–4 मीटर तक घसीटता चला गया। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस ने सोमवार को दबिश देकर आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया । जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment