सिकंदराराऊ में गाजे बाजे के साथ निकली श्रीराम बारात:जगह -जगह पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

दर्जनों झाकियां बनी आकर्षण का केंद्रजय श्रीराम के जयघोषों से गुंजायमान हुआ वातावरणसिकंदराराऊ । गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी परम्परागत तरीके से गुरुवार को कस्बा में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की बारात धूमधाम एवं भव्यता के साथ निकली । बारात का शुभारंभ मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी स्थित प्राचीन ओम बाबा मंदिर से भगवान राम लक्ष्मण के स्वरूपों की विधिवत पूजा अर्चना कर हुआ । बारात कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी, हुरमतगंज, राठी चौराहा, बड़ा बाजार , नयागंज बाजार, तिराहा बाजार, बगिया बारहसैनी , दमदमा ,लाला का नगला , रोशनगंज , जी टी रोड, पुरानी सब्जी मंडी रोड, पुरानी तहसील रोड, गौसगंज आदि मार्गो से होती हुई गुजरी ।

श्रद्धालुओ ने जगह -जगह पुष्प वर्षा कर बारात का भव्य स्वागत किया । भगवान श्रीराम की बारात में लोगो ने बढ़चढ़ कर भाग लिया । बारात में शामिल दो दर्जन झांकियां लोगो के बीच आकर्षण का केंद्र रही । बारात में सबसे आगे मां काली के पांच स्वरूप करतब दिखाते हुए चल रहे थे । घोड़ों पर सवार भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत,शत्रुघ्न के स्वरूप लोगो को अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे । मां दुर्गे, भगवान शंकर, राधा कृष्ण, खाटू श्याम , हनुमान जी आदि झांकियां शामिल थी । बारात में डीजे एवं बैंड बाजों की धुन पर बज रहे भक्ति भजनों पर युवा थिरकते हुए नजर आए । इस दौरान श्रद्धालुओ द्वारा जगह जगह शिविर लगाकर जलपान कराया । कस्बा भ्रमण के बाद रात्रि बारह बजे करीब ओम बाबा मंदिर पर पहुंचकर बारात का समापन हुआ । भगवान श्रीराम के जयघोषों से कस्बा का वातावरण भक्तिमय हो गया । बारात की सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसडीएम धर्मेंद्र सिंह चौहान,सीओ अमित पाठक ,प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा भारी पुलिस एवं पीएसी बल के साथ संभाले हुए थे । बारात में रामलीला अध्यक्ष दाऊ दयाल वार्ष्णेय ,उपाध्यक्ष जयपाल सिंह चौहान, विकास वार्ष्णेय देवा ,पंकज गुप्ता, प्रवीण वार्ष्णेय डोबी भाई, मोनू माहेश्वरी, मुकुल गुप्ता, अभिषेक वार्ष्णेय, विशाल वार्ष्णेय, वैभव वार्ष्णेय,गिरीश मोहन गुप्ता , सूरज वार्ष्णेय , पारस गुप्ता देवेंद्र गुप्ता,विनय माहेश्वरी आदि मौजूद रहे ।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment