दीवार तोड़ने का विरोध करने पर महिला को पीटा

सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव महामई सलावत नगर में दबंगों के जेसीबी मशीन से एक महिला के मकान की दीवार को जबरन तोड़ दिया। महिला की देवरानी द्वारा विरोध करने पर दबंगों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया । घायल महिला की जेठानी ने कोतवाली में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव महामई सलावत नगर निवासी संगीता पत्नी संजय ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है

कि 13 अक्टूबर की शाम 5 बजे करीब वह और उसके परिवार के सदस्य खेत पर कार्य कर रहे थे। घर पर उसकी देवरानी सरिता पत्नी अभिषेक अकेली थी । तभी गांव के ही दबंग प्रेमपाल पुत्र लज्जाराम, भंटू उर्फ प्रमोद, आरेंद्र पुत्रगण प्रेमपाल, सर्वेश, अवधेश पुत्रगण प्रेमसिंह व योगेंद्र पुत्र बलवीर निवासी गांव कासोन जनपद एटा ने एकराय होकर दबंगई के बल पर उसके मकान की दीवार को जेसीबी मशीन से तोड़ दी। जब उसकी देवरानी सरिता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली गलौज कर उसके साथ मारपीट कर दी। जिससे वह घायल हो गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment