बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने रौंदा ,एक की मौत, दूसरा गंभीर : हाथरस से एटा जा रहे थे दोनों युवक : गांव फुलरई पर हुआ हादसा
सिकंदराराऊ। एनएच 34 के एटा रोड स्थित गांव फुलरई के निकट बीती रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी । हादसे में बाइक सवार एक 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई ,जबकि उसका दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया । वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।

बताया जाता है कि हाथरस के थाना हाथरस गेट क्षेत्र के बुधु नगला हेमराज निवासी 26 वर्षीय विवेक पुत्र विजय पाल सिंह गांव के ही अपने 25 वर्षीय साथी राहुल पुत्र अजय पाल के साथ रविवार की रात्रि 11 बजे करीब बाइक पर सवार होकर एटा की ओर जा रहे थे। जैसे ही बाइक सवार गांव फुलरई के समीप पहुंचे । तभी एक तेज गति से आ रहे वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विवेक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर
घायल राहुल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया । जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना पाकर परिजनों में चीत्कार मच गया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि विवेक की शादी करीब तीन माह पूर्व हुई थी। वह एक होटल में काम करता था। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











