घरेलू विवाद में समझौते को आए भाई एवं भाभियो को ससुरालीजनों ने पीटा
सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव अरनिया तलेसरा में आए दिन हो रहे घरेलू विवाद में समझौते को आए महिला के भाई एवं भाभियो को ससुरालीजनों ने पीटकर घायल कर दिया । पीड़ित ने कोतवाली में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अरशद पुत्र इतवारी निवासी फिरोजाबाद ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी बहन शबनम की ससुराल गांव अरनिया तलेसरा में आए दिन होने वाले घरेलू विवाद में समझाने को वह अपने भाई रियाज ,आसमा पत्नी अरसद एवं रियाज की पत्नी नसरीन के साथ रविवार की सुबह 10:15 बजे करीब गए थे। परंतु वहां बहनोई शेर मोहम्मद पुत्र शान मोहम्मद , ससुर शान मोहम्मद, सलीम व महबूब गाली गलौज करने लगे। जब गाली गलौज का विरोध किया तो आरोपियों ने उन सभी पर लाठी डंडों एवं धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे वह उसकी पत्नी, भाई एवं भाभी लहूलुहान हो गए। आरोपियों द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।










