बिजली चोरी करते पकड़ा, आरोपी ने कर्मचारी से की मारपीट : अवर अभियंता ने आरोपी के खिलाफ कराई रिपोर्ट दर्ज
सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव खिजरपुर में विद्युत विभाग की टीम ने बिजली चोरों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने एक व्यक्ति को बिजली की चोरी करते पकड़ लिया। आरोपी ने टीम में शामिल एक कर्मचारी को मारपीट कर घायल कर दिया। अवर अभियंता ने नामजद आरोपी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अवर अभियंता प्रवीन कुमार 33/11 के०बी० उपकेन्द्र बाजिदपुर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उच्चाधिकारियों के निर्देशन में बिजली चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वह 18 सितंबर को अपनी टीम के साथ गांव खिजरपुर पहुंचे। जहां भुवनेश चौहान पुत्र रविंद्र सिंह के घर पर एक केविल पोल से विद्युत आपूर्ति हेतु आ रही थी। जब टीम में शामिल कर्मचारी किशन प्रताप ने उक्त कनेक्शन की रशीद एवं अन्य दस्तावेज भुवनेश से मांगे तो आरोपी ने कर्मचारी को गाली गलौज करते हुए उसे मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपी द्वारा उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोपी द्वारा सरकारी कार्य में बाधा डालने का कार्य किया गया है।











