हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र में शहर के बुर्जवाला कुआं स्थित ब्राह्मण समाज के आराध्य भगवान परशुराम जी की विशाल प्रतिमा को बीती रात्रि को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित किए जाने का मामला सामने आया है और प्रतिमा खंडित होने की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। वहीं घटना से ब्राह्मण समाज में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है और प्रतिमा खंडित होने की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी व कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद आक्रोशित लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। पुलिस द्वारा जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कार्यवाही का भरोसा दिया गया है। मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी पहुंच गए थे।

जानकारी के मुताबिक शहर के बुर्जवाला कुआं स्थित ब्राह्मण समाज के आराध्य भगवान परशुराम जी की विशाल प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा बीती रात्रि को खंडित करने की घटना को लेकर आज सुबह ब्राह्मण समाज में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया और मौके पर ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा योगा पंडित, पूर्व अध्यक्ष बौ. प्रशांत शर्मा, संजय शर्मा बीबीसीएन, कृष्ण बिहारी शर्मा, पंकज शास्त्री, ब्राह्मण शिविर संयोजक दिलीप उपाध्याय के अलावा ब्राह्मण समाज के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए और ब्राह्मण समाज के लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश दिखाई दिया।। इस दौरान ब्राह्मण समाज के लोगों का कहना था कि भगवान परशुराम जी की प्रतिमा को खंडित किया जाना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए।

वहीं, पुलिस अधिकारियों द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने समेत अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाया जाएगा।
घटना की सूचना पाकर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीमा उपाध्याय, वरिष्ठ सपा नेता धीरज पांडेय, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती पूनम पांडेय, पूर्व अध्यक्ष ललित शर्मा लब्बू पंडित, संजीव उपाध्याय, अंकित गौड आदि पहुंच गए और उन्होंने घटना की जानकारी लेकर असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए कृत्य पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कड़ी निंदा की गई और मौके पर मौजूद सीओ सिटी एवं कोतवाली प्रभारी से अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही के लिए मांग की गई तथा इस दौरान ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा योगा पंडित द्वारा पुलिस अधिकारियों को रिपोर्ट दर्ज कराये जाने हेतु तहरीर दी गई, जिसमें उन्होंने कहा है कि असामाजिक तत्वों द्वारा षड्यंत्र के तहत उक्त कृत्य को अंजाम दिया है, जिससे ब्राह्मण समाज की भावनाएं भारी आहत हुई है और ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए।उक्त घटना को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्घारा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
उक्त घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने बताया है कि कोतवाली सदर क्षेत्र में बुर्ज वाला कुआं के पास स्थित भगवान श्री परशुराम की मूर्ति की फरसा व धनुष को क्षतिग्रस्त करने की सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में देखा तो एक लडका बाइक से आकर पत्थर मार कर चला जाता है । इस लडके को ट्रेस करने के लिये 5 टीमें लगा दी गयी हैं और एसओजी व एन्टी थेप्ट टीम को भी लगाया गया है । शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया जाएगा।












