सांप के डसने की बढ़ रहीं घटनाएं: पिता पुत्र सहित 5 को डसा

हाथरस। जिले में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और अलग-अलग स्थानों पर पांच लोगों के सर्पदंश का शिकार होने की घटना है सामने आयी है। इनमें सादाबाद के गांव गुरसोटी में सो रहे पिता-पुत्र भी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


बताया जाता है गांव गुरसोटी में आज सुबह करीब 5 बजे अमन चौहान अपने 4 साल के बेटे रुद्र के साथ बिस्तर पर सो रहे थे। इसी दौरान सांप दोनों के पैरों से लिपट गया और उन्हें डस लिया। चीख सुनकर परिवार के लोग पहुंचे और सांप को पकड़कर मार दिया और दोनों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव पैकवाड़ा निवासी 18 वर्षीय रितिका पुत्री धर्मवीर को भी सांप ने डस लिया। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इगलास कोतवाली क्षेत्र के नगला जसमन निवासी विकास कुमार पुत्र सत्यवीर को भी सांप ने काट लिया। इसके अलावा एक अन्य महिला को भी सांप के डसने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सांप के डसने के पांच मामले सामने आने के बाद जिला अस्पताल में मरीजों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। सादाबाद, चंदपा और इगलास क्षेत्र से सांप के डसने के बाद लोग इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे और पिता-पुत्र समेत सभी का उपचार चल रहा है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment