शहर व जिले में गणेश जी के जन्मोत्सव गणेश चतुर्थी की धूम

हाथरस-14 सितम्बर। रिद्धि सिद्धि के प्रदाता विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के जन्मोत्सव पर्व आज गणेश चतुर्थी की शहर व पूरे जिले में भारी धूम है और गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही घरों और मंदिरों में गणपति जी की जय-जयकार गूंज रही है। शहर के प्रमुख मंदिरों में इस अवसर पर खास आयोजन किए गए हैं और भगवान गणेश के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ मंदिरों में उमड़ रही है।
आज गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है और लोगों ने अपने घरों में भी गणेश प्रतिमाएं स्थापित कीं हैं तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। गणेश जी के विग्रह का खास श्रृंगार किया गया और छप्पन भोग के दर्शन भी कराए गए। घर-घर में गणेश जी की प्रतिमाएं स्थापित कर मंत्रों के साथ उनकी स्तुति की जा रही है। वहीं भक्तों ने सर्व मंगल की कामना के लिए उपवास भी रखे। आज गणेश चतुर्थी के अवसर पर चारों तरफ गणपत बप्पा मोरिया के जय घोष की गूंज सुनाई दी।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर के तरफरा रोड स्थित गणेश मंदिर, होली वाली गली स्थित चमत्कारी गणेश मंदिर, सादाबाद गेट स्थित गणेश मंदिर, नवग्रह मंदिर, तालाब ओवरब्रिज के पास स्थित श्री रामदरबार, कामेश्वर महादेव और दाऊजी महाराज मंदिर तथा घंटाघर स्थित श्री गणेश जी महाराज मंदिर सहित कई स्थानों पर खास सजावट की गई है और कई स्थानों पर भक्तों द्घारा प्रसाद भी वितरित किया गया। सीकनापान गली स्थित लक्ष्मी-गणेश मंदिर पर भी भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।। गणेश चतुर्थी पर भक्तों ने गणेश जी की प्रतिमाएं स्थापित की हैं, और कहीं कहीं पर गणेश जी महाराज के पंडाल भी बनाए गए हैं, जिनका अनंत चतुर्दशी के दिन विसर्जन होगा। कुछ भक्तों ने आज गणेश जी की झांकियां भी निकालीं। भक्तों की भीड़ प्रसाद पाने के लिए भीड़ लगी रही।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment