ट्रक चालक ने साथियों के साथ मिलकर सीमेंट बनाने के क्लिंकर को किया पार : ट्रक स्वामी ने चालक समेत चार के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट l आरोपियों ने चोरी छिपाने को मिलाई काले रंग की गिट्टी

सिकंदराराऊ । कासगंज रोड स्थित एक ढाबे के पास मध्य प्रदेश से सीमेंट बनाने के क्लिंकर की खेप लेकर चले ट्रेलर ( ट्रक) चालक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पार कर दिया । चोरी छिपाने के लिए ट्रेलर में काले रंग की गिट्टी मिलाई गई । ट्रक स्वामी ने ट्रक चालक समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है ।

मुजफ्फरनगर निवासी कुलदीप सिंह पुत्र सरदार सुखविंदर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उनका ट्रेलर (ट्रक) हेमकुंड ट्रांसपोर्ट कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड है। इस ट्रेलर को जोगेंद्र सिंह नामक चालक चलाता है। जोगेंद्र सिंह जे के सीमेंट अमानगंज, जिला पन्ना (मध्य प्रदेश) से सीमेंट बनाने वाला क्लिंकर लोड करता था। वह इसे जे के सीमेंट साथा, अलीगढ़ पहुंचाता था । 12 सितंबर की दोपहर करीब 2:30 बजे करीब चालक जोगेंद्र सिंह ट्रेलर लेकर साथा फैक्ट्री पहुंचा। वहां माल की जांच हुई तो क्लिंकर में मिलावट पाई गई। इसकी जानकारी तुरंत ट्रक मालिक को दी गई।

मालिक जब मौके पर पहुंचे, तो चालक ने बताया कि 11 और 12 सितंबर की रात्रि को उसने क्लिंकर चोरी किया था। यह चोरी राधिका होटल, कासगंज रोड, सिकंदराराऊ के पास अनुराग, पप्पू प्रधान (खिजरपुर निवासी) और विवेक उपाध्याय के साथ मिलकर की गई थी। आरोप है कि चोरी किए गए क्लिंकर की कमी को छिपाने के लिए ट्रेलर में काले रंग की गिट्टी मिलाई गई थी। ऐसा इसलिए किया गया ताकि फैक्ट्री में किसी को शक न हो। चालक ने यह भी बताया कि उसे इस काम के लिए लालच दिया गया था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment