हाथरस। अध्यक्ष, उप-समिति (पेटी ऑफेंस/मोटर व्हीकल एक्ट चालान निगरानी) के निर्देशों के अनुपालन में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष विनय कुमार-तृतीय के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत प्रशान्त कुमार की अध्यक्षता में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी की उपस्थिति में पुलिस प्रशासन के नोडल अधिकारी/अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा के साथ बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु लम्बित पेटी ऑफेंस (लघु अपराध) और मोटर वाहन अधिनियम के चालानों की सूचना बल्क एसएमएस के माध्यम से पक्षकारों को भेजे जाने के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया गया, जिसमें नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत द्वारा नोडल अधिकारी/ अपर पुलिस अधीक्षक को सूची उपलब्ध कराते हुए निर्देश दिये गये कि सूची में अंकित समस्त पक्षकारगण को बल्क एसएमएस के माध्यम से जिन वाहन स्वामियों या आम नागरिकों के चालान लम्बित हैं, उन्हें उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर बल्क एसएमएस के माध्यम से अग्रिम सूचना भेजी जाए, जिसमें इस एसएमएस में चालान के विवरण के साथ-साथ लोक अदालत की तिथि, समय और न्यायालय कक्ष की जानकारी दी जाए, ताकि पक्षकारगण बिना किसी परेशानी के अपने मामलों का निस्तारण करा सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने आम जनमानस से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं। यदि आपको अपने वाहन के चालान के संबंध में कोई एसएमएस प्राप्त होता है, तो राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन सम्बन्धित न्यायालय में उपस्थित होकर अपने शमनीय मामलों का सौहार्दपूर्ण निस्तारण कराएं और भारी जुर्माने या कानूनी जटिलताओं से बचें।












