सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला नयागंज में एक महिला में डेंगू की पुष्टि हुई है। मरीज के मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़ताल मच गया । मरीज की पुष्टि होते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मंगलवार को सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जाता है कि मोहल्ला नयागंज निवासी महिला को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। आराम नहीं मिलने पर उन्होंने मंगलवार को कस्बा के एक निजी चिकित्सक से जांच कराई । जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। डेंगू की पुष्टि होते ही स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई और स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल महिला के घर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आसपास के क्षेत्र में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। परिवार के अन्य सदस्यों में बुखार के लक्षणों की जांच की गई और जरूरत के अनुसार सैंपल भी लिए गए । इस संबंध में सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि जिले में इस सीजन डेंगू का यह पहला मामला है। सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर जाकर जांच की और एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया है। आसपास के क्षेत्र में भी निगरानी बढ़ाई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से डेंगू से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि घर के आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले और छतों पर रखे बर्तनों में पानी जमा होने से रोकें और नियमित रूप से उनकी सफाई करें। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार आने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। डेंगू की रोकथाम के लिए विभाग की ओर से जागरूकता अभियान भी तेज कर दिया गया है।









