कोतवाली पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें से दो मामले माननीय न्यायालय के आदेश पर दर्ज किए गए हैं, जबकि एक मामला पीड़ित की तहरीर के आधार पर पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।
गुरूवार को को पुलिस ने दर्ज किए मुकदमों में पहला मामला सासनी के गांव जरैया निवासी आकाश पुत्र अशोक कुमार से संबंधित है। पीडित ने हाथरस न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। आकाश ने आरोप लगाया कि 25 जून 2026 की शाम करीब 8 बजे जब वह अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी गांव के कुछ नामजद लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उन्हें गालियां दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से उन पर तथा बीच-बचाव करने आए उनके परिजनों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उनका गला दबाया और मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
दूसरा मामला सासनी के गांव महमूदपुर बरसै का है। यहां न्यायालय एसीजेएम, हाथरस के आदेश पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रार्थी दिनेश बाबू पुत्र स्व. हरदेव सिंह ने आरोप लगाया है कि नामजदों ने साजिश रचकर उनकी कृषि भूमि का फर्जी बैनामा करा लिया। बैनामा के समय 37 लाख रुपये नकद दर्शाए गए थे, लेकिन उन्हें एक भी पैसा नहीं दिया गया। जब पीड़ित ने इस धोखाधड़ी का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। तीसरा मामला भी सासनी के गांव जरैया निवासी मुकेश कुमार पुत्र धनीराम से जुड़ा है। उन्होंने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 25 जून 2026 की रात करीब 8 बजे गांव के कुछ नामजद लोगों ने उनके घर के बाहर हंगामा किया। विरोध करने पर आरोपियों ने मुकेश और उनके परिजनों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर जब मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बुधवार देर रात इस मामले में भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









